जून महीने की शुरुआत के साथ ही आम लोगों से लेकर कारोबारियों तक की जेब पर असर डालने वाले कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं। गैस सिलेंडर महंगा हो गया है, पेट्रोल-डीजल से जुड़े नियम बदले हैं, ट्रेनों के टाइमटेबल में बदलाव हुआ है और सोलर पैनल लगाने वालों के लिए भी नए नियम लागू कर दिए गए हैं। आइए जानते हैं जून के 4 बड़े बदलाव, जो सीधे आपके बजट और रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर सकते हैं।
सबसे पहले बात करते हैं LPG सिलेंडर की। तेल कंपनियों ने 1 जून से कॉमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। दिल्ली में 19 किलो वाला कॉमर्शियल सिलेंडर अब 53.50 रुपये महंगा होकर 3113.50 रुपये का हो गया है। वहीं 5 किलो वाले फ्री ट्रेड LPG सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये की बढ़ोतरी हुई है और अब इसकी कीमत 821.50 रुपये हो गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस बढ़ोतरी का असर सीधे होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और कैटरिंग व्यवसाय पर पड़ सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में चाय, नाश्ता, खाना और शादी समारोहों की कैटरिंग महंगी होने की संभावना भी बढ़ गई है।
दूसरा बड़ा बदलाव पेट्रोल, डीजल और विमान ईंधन यानी ATF से जुड़ा है। केंद्र सरकार ने इनके निर्यात पर लगने वाली एक्सपोर्ट ड्यूटी में कटौती की है। हालांकि इसका सीधा असर आम उपभोक्ताओं के लिए पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर नहीं पड़ेगा, लेकिन रिफाइनरी कंपनियों को इससे फायदा मिलने की उम्मीद है।
तीसरा बदलाव रेलवे यात्रियों के लिए है। चेन्नई बीच, तांबरम और चेंगलपट्टू रेल कॉरिडोर पर चलने वाली 200 से ज्यादा लोकल ट्रेनों का समय बदल दिया गया है। नया टाइमटेबल आज से लागू हो चुका है। इससे रोजाना लाखों यात्रियों के सफर और दिनचर्या पर असर पड़ सकता है।
और चौथा बड़ा बदलाव सोलर एनर्जी सेक्टर में हुआ है। अब सब्सिडी वाले रूफटॉप सोलर प्रोजेक्ट्स में केवल सरकार से मान्यता प्राप्त कंपनियों के सोलर पैनल ही लगाए जा सकेंगे। सरकार का कहना है कि इससे उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता, सुरक्षा और लंबी वारंटी वाले सोलर सिस्टम मिलेंगे। यानि जून महीने की शुरुआत कई अहम बदलावों के साथ हुई है। कुछ फैसले आपकी जेब पर असर डालेंगे तो कुछ लंबे समय में फायदे का सौदा साबित हो सकते हैं।






