सोनभद्र। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चोपन पुलिस, रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सोमवार को मुठभेड़ के बाद एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 58.75 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ, कार और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध होंडा सिटी कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस वाहनों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस का दावा है कि पीछा कर रही टीम को भ्रमित करने के लिए आरोपियों ने रास्ते में नोटों की गड्डियां भी फेंकीं।
विरंजुआ क्षेत्र में घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी की पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी प्रिंस के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।
गिरफ्तार तस्कर के कब्जे से करीब 3 किलोग्राम अफीम, 225 किलोग्राम डोडा, एक होंडा सिटी कार, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद मादक पदार्थों और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 58.75 लाख रुपये है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मादक पदार्थ डाल्टनगंज से खरीदकर पंजाब के लुधियाना ले जा रहा था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
इस अभियान के दौरान सलखन निवासी प्रदीप कुमार मोदनवाल ने अपनी निजी कार उपलब्ध कराकर पुलिस की सहायता की, जिससे कार्रवाई को गति मिली। उनके सराहनीय सहयोग पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।






