मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर में ₹424 करोड़ से अधिक लागत की 278 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कानून-व्यवस्था, विकास और राम मंदिर जैसे मुद्दों पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश कट्टा-बम और माफिया राज के लिए जाना जाता था, लेकिन आज यही प्रदेश देश की सुरक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइल बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने शोहदों को ठीक किया है। जो बोली से नहीं माना, वह गोली से जरूर मान गया।” उन्होंने कहा कि पहले व्यापारियों और निर्दोष लोगों को लूटने के लिए कट्टा-बम बनाए जाते थे, जबकि आज उत्तर प्रदेश रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत का मजबूत केंद्र बन रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि कभी इंसेफेलाइटिस, भुखमरी, बेरोजगारी और माफिया राज से जूझने वाला कुशीनगर अब तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि इंसेफेलाइटिस की बीमारी लगभग समाप्त हो चुकी है और प्रदेश से माफिया राज भी खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि “मच्छर बीमारी लाता था और माफिया बेरोजगारी, लेकिन डबल इंजन सरकार ने दोनों समस्याओं का समाधान किया है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से कुशीनगर में मेडिकल कॉलेज, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं साकार हुई हैं। इसी शैक्षणिक सत्र से कृषि विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू होगी।
उन्होंने बताया कि जिले में करीब 90 हजार गरीब परिवारों को आवास, 3.14 लाख से अधिक परिवारों को शौचालय, मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है। किसानों को गन्ने का मूल्य 315 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये प्रति क्विंटल दिया जा रहा है और भुगतान भी समय से कराया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने फाजिलनगर का नाम बदलकर “पावागढ़” किए जाने के प्रस्ताव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर की तपोभूमि से जुड़े इस क्षेत्र को नई पहचान दिलाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस चाहती तो आजादी के बाद राम मंदिर का निर्माण करा सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने समाजवादी पार्टी को “घोषित रामद्रोही” बताते हुए कहा कि राम मंदिर निर्माण में लगातार बाधाएं खड़ी की गईं, लेकिन भाजपा सरकार के संकल्प के चलते अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण संभव हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के एक वोट की ताकत से अयोध्या में राम मंदिर बना, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाई गई और उत्तर प्रदेश ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण का केंद्र बन रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और कुशीनगर को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक और टूल किट भी वितरित किए।






