मुंबई। सोशल मीडिया की दुनिया में अपनी अनोखी कॉमेडी और दमदार कंटेंट से पहचान बनाने वाली धरना दुर्गा इन दिनों चर्चा में हैं। इसकी वजह है उनकी आगामी फिल्म ‘मां बहन’, जिसमें वह बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री माधुरी दीक्षित, तृप्ति डिमरी और अभिनेता रवि किशन के साथ नजर आने वाली हैं। फिल्म की घोषणा के बाद दर्शकों के बीच धरना दुर्गा को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है और लोग उनके बारे में जानना चाहते हैं।
दरअसल, धरना दुर्गा का असली नाम धरना कुच्छल है। वह सोशल मीडिया की लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर हैं, जिन्होंने अपने मजेदार वीडियो और रियल लाइफ ऑब्जर्वेशन आधारित कॉमेडी कंटेंट से लाखों लोगों का दिल जीता है। उनकी खासियत यह है कि वह आम जिंदगी की छोटी-छोटी घटनाओं को हास्य के अंदाज में पेश करती हैं, जिससे दर्शक खुद को उनसे जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।
धरना की अधिकांश वीडियो मिडिल क्लास परिवारों, घरेलू महिलाओं और रोजमर्रा की सामाजिक परिस्थितियों पर आधारित होती हैं। यही वजह है कि उनका कंटेंट लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हुआ। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं और उनकी रील्स अक्सर वायरल होती रहती हैं।
कम उम्र में ही धरना ने मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बना ली है। वह सिर्फ एक कंटेंट क्रिएटर ही नहीं बल्कि एक प्रतिभाशाली राइटर और परफॉर्मर भी हैं। उनकी कॉमिक टाइमिंग और अभिनय शैली ने उन्हें डिजिटल दुनिया का चर्चित चेहरा बना दिया है।
धरना ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 2022 में आई टीवी मिनी सीरीज ‘भाई बहन वर्सज द वर्ल्ड’ से की थी। इस प्रोजेक्ट में उनके अभिनय को सराहा गया और यहीं से उनके लिए अभिनय की दुनिया के नए दरवाजे खुलने लगे।
इसके बाद साल 2025 में उन्हें एक बड़ा अवसर मिला, जब वह करण जौहर के प्रोडक्शन में बनी फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ का हिस्सा बनीं। इस फिल्म में उन्होंने जाह्नवी कपूर की दोस्त की भूमिका निभाई थी। भले ही उनका किरदार सीमित था, लेकिन उन्होंने अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में सफलता हासिल की।
अब धरना दुर्गा अपने करियर के सबसे बड़े प्रोजेक्ट ‘मां बहन’ में दिखाई देंगी। यह एक डार्क कॉमेडी फिल्म है, जिसकी कहानी एक पारंपरिक मोहल्ले में रहने वाली मां और उनकी दो बेटियों के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी में उस समय बड़ा मोड़ आता है, जब उनके किचन में एक लाश मिलती है और उसे छिपाने की कोशिश में कई हास्यास्पद और चौंकाने वाली घटनाएं घटती हैं।
फिल्म में माधुरी दीक्षित मां की भूमिका में हैं, जबकि तृप्ति डिमरी और धरना दुर्गा उनकी बेटियों का किरदार निभा रही हैं। रवि किशन भी इस फिल्म में अहम भूमिका में नजर आएंगे।
फिल्म का निर्देशन सुरेश त्रिवेणी ने किया है, जो इससे पहले ‘तुम्हारी सुलु’ जैसी चर्चित फिल्म का निर्देशन कर चुके हैं। दर्शकों को इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं। ‘मां बहन’ 4 जून 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी, जहां दर्शक धरना दुर्गा को एक नए और बड़े अवतार में देख सकेंगे।






