संभल: 1978 दंगों के पीड़ित परिवार को 48 साल बाद मिला जमीन का पट्टा, पुनर्वास की दिशा में बड़ा कदम
संभल जिले में वर्ष 1978 के दंगों से प्रभावित एक परिवार को लगभग 48 साल बाद प्रशासन की ओर से राहत मिली है, गुरुवार को जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार को 100 वर्ग मीटर जमीन के पट्टे का प्रमाण पत्र सौंपा, यह कदम उन परिवारों के पुनर्वास प्रयासों का हिस्सा बताया जा रहा है, जो दंगों के बाद अपना घर छोड़कर पलायन करने को मजबूर हुए थे।
मंत्री ने सौंपा पट्टा प्रमाण पत्र
उत्तर प्रदेश के सहकारिता मंत्री जे.पी.एस. राठौर ने आलम सराय देहात गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राम शरण दास रस्तोगी के परिवार को भूमि पट्टा प्रमाण पत्र प्रदान किया, इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
1978 दंगों के बाद हुआ था पलायन
परिवार के अनुसार, 1978 में हुए सांप्रदायिक दंगों के दौरान उनके परिजनों पर हमला हुआ था और भय के कारण 1979 में उन्हें संभल छोड़ना पड़ा था, इसके बाद परिवार लंबे समय तक बाहर ही रहा, परिवार के सदस्यों का कहना है कि दशकों पुराने संघर्ष के बाद अब उन्हें न्याय और पुनर्वास की उम्मीद मिली है।
सरकार की पुनर्वास योजना
अधिकारियों के मुताबिक, सरकार उन परिवारों को पुनर्वास के लिए 100 वर्ग मीटर भूमि उपलब्ध करा रही है, जो दंगों के बाद विस्थापित हो गए थे, इसका उद्देश्य प्रभावित परिवारों को फिर से बसने और सामान्य जीवन शुरू करने में मदद करना है।
यह कदम प्रशासन द्वारा पुराने विस्थापित परिवारों के पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, इससे प्रभावित परिवारों को न केवल राहत मिली है, बल्कि अपने पुराने जीवन से फिर से जुड़ने की उम्मीद भी जगी है।






