चंदौली। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत बलुआ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वाराणसी-बलुआ मार्ग पर मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस और शातिर लुटेरों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि बदमाशों की फायरिंग में एक दरोगा घायल हो गए। वहीं दूसरे आरोपी ने पुलिस कार्रवाई के दबाव में सरेंडर कर दिया।
पुलिस के अनुसार घायल बदमाश की पहचान अनूपम पांडे के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से एक बाइक, एक अवैध तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी चार दिन पहले हुई लूट की घटना में शामिल थे। वे सुनसान स्थानों पर अकेले लोगों को निशाना बनाकर असलहा दिखाकर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे।
मुठभेड़ में घायल हुए दरोगा और बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






