गोण्डा। उत्तर प्रदेश के गोण्डा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। वजीरगंज थाना क्षेत्र के सरायखत्री ग्राम पंचायत के जटमलपुर गांव में शनिवार देर शाम एक युवक ने अपने ही सगे बड़े भाई की लकड़ी की थूनी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने घर में आग भी लगा दी, जिससे एक भैंस गंभीर रूप से झुलस गई। घटना से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, जटमलपुर गांव निवासी भूल्लन के घर से शनिवार शाम धुआं उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां भूल्लन घायल अवस्था में खेत में पड़े मिले, जबकि उनकी भैंस भी झुलसी हुई थी। कुछ दूरी पर उनका 17 वर्षीय पुत्र अंकित अचेत अवस्था में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने उसे अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक के पिता भूल्लन ने आरोप लगाया कि उनके छोटे बेटे अक्कू उर्फ हुलसी ने पहले उनकी पिटाई की, फिर घर में तोड़फोड़ कर आग लगा दी और बाद में अपने बड़े भाई अंकित पर लकड़ी की थूनी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी युवक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और वह अक्सर असामान्य व्यवहार करता था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एएसपी ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।






