ललितपुर। जाखलौन थाना क्षेत्र के नया गांव में 70 वर्षीय वृद्ध धनीराम की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। आरोपियों ने पहले वृद्ध की हत्या की और फिर घटना को हादसा साबित करने के लिए शव को राजघाट बांध के भराव क्षेत्र में फेंक दिया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार नया गांव निवासी धनीराम दो दिनों से लापता थे। उनका सड़ा-गला शव 2 जून की रात ग्राम बरदेही के पास राजघाट बांध के भराव क्षेत्र में मिला था। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले के खुलासे के लिए छह टीमों का गठन किया।
सीओ सदर सुनील भारद्वाज के नेतृत्व में गठित टीम ने नया गांव निवासी कलामुद्दीन, गफूर, वाहिद और कंछेदी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका धनीराम के परिवार से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। विवादित जमीन पर लगे आम के पेड़ से आम तोड़ने को लेकर कुछ दिन पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उन्होंने हत्या की साजिश रची।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि धनीराम को कम दिखाई और कम सुनाई देता था। इसी का फायदा उठाते हुए उन्होंने उन्हें पानी में डुबोकर मार डाला और शव को बांध क्षेत्र में फेंक दिया, ताकि मामला दुर्घटना प्रतीत हो। हालांकि पुलिस की गहन जांच और पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गए और पूरी वारदात का खुलासा कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए छह टीमों को लगाया गया था। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।






