गाजीपुर, 7 जून। समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी शनिवार को पुलिस मुठभेड़ में मारे गए कमलेश बिंद के परिजनों से मिलने उनके गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और उन्हें कानूनी प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी।
मीडिया से बातचीत में सांसद अफजाल अंसारी ने कमलेश बिंद एनकाउंटर, विनीत राय हत्याकांड तथा अंतिम संस्कार के दौरान हुई कथित मारपीट और पत्थरबाजी की घटनाओं की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन तीनों मामलों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
अफजाल अंसारी ने आरोप लगाया कि कमलेश बिंद की मुठभेड़ को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं और इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर गंभीर आरोप थे तो उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाना चाहिए था, जहां उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानून अपना काम करता।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एनकाउंटर के बाद अंतिम संस्कार के दौरान हुए विवाद में परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की गई और अब उन पर सख्त कानूनी धाराएं लगाने की बात कही जा रही है। सांसद ने दावा किया कि मृतक के घर पर पुलिस कार्रवाई के दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता और मारपीट की शिकायतें भी सामने आई हैं।
सांसद ने कहा कि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद द्वारा भी इस मामले पर सवाल उठाए गए हैं। ऐसे में पूरे प्रकरण की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि मृतक के भाई द्वारा दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जाए।
अफजाल अंसारी ने घटना स्थल पर सीसीटीवी कैमरे न होने पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि वहां कैमरे लगे होते तो कई महत्वपूर्ण तथ्यों का पता चल सकता था। साथ ही उन्होंने पुलिस द्वारा बताए जा रहे कथित “कटरा गैंग” को लेकर भी सवाल खड़े किए और कहा कि इसकी पूरी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था के मामलों में अंतिम निर्णय न्यायपालिका का होना चाहिए और किसी भी आरोपी के दोषी या निर्दोष होने का फैसला अदालत को करना चाहिए।






