Home Crime पूर्वांचल का खूंखार बदमाश भानु प्रताप सिंह एसटीएफ मुठभेड़ में ढेर

पूर्वांचल का खूंखार बदमाश भानु प्रताप सिंह एसटीएफ मुठभेड़ में ढेर

70
0

अयोध्या। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्वांचल के कुख्यात अपराधी भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू को मुठभेड़ में मार गिराया। दो लाख रुपये के इनामी बदमाश भानु प्रताप पर हत्या, लूट, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत 40 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। उसके खिलाफ कई जिलों की पुलिस लंबे समय से तलाश में जुटी थी।

जानकारी के अनुसार प्रयागराज एसटीएफ यूनिट को भानु प्रताप की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद अयोध्या के महाराजगंज थाना क्षेत्र स्थित अहमदपुर घाट तिराहे के पास घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख बदमाश ने एसटीएफ टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में भानु प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान एसटीएफ प्रयागराज यूनिट के प्रभारी जे.पी. राय और एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हुए हैं। दोनों का इलाज चल रहा है।

एसटीएफ ने मौके से एक AK-47 राइफल, पिस्टल और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक भानु प्रताप गोरखपुर जिले के बेलाघाट थाना क्षेत्र के बिखनीपुर गांव का निवासी था। उस पर आजमगढ़ पुलिस ने एक लाख रुपये, अंबेडकरनगर पुलिस ने 50 हजार रुपये, गोरखपुर पुलिस ने 25 हजार रुपये और बस्ती पुलिस ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। भानु प्रताप की मौत को पूर्वांचल में सक्रिय अपराध जगत के खिलाफ एसटीएफ की बड़ी सफलता माना जा रहा है।