बॉलीवुड और ओटीटी की दुनिया के लोकप्रिय अभिनेता रघुबीर यादव इन दिनों एक बार फिर चर्चा में हैं। वेब सीरीज ‘पंचायत’ में ब्रज भूषण दुबे उर्फ ‘प्रधान जी’ के किरदार से दर्शकों का दिल जीतने वाले रघुबीर यादव ने अपने अभिनय करियर को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि अपने लंबे करियर में उन्होंने कभी किसी भूमिका के लिए ऑडिशन नहीं दिया।
हाल ही में एबीपी न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में 68 वर्षीय अभिनेता ने कहा कि उन्हें ऑडिशन देने की प्रक्रिया पसंद नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि आज के दौर में बड़े-बड़े कलाकार भी ऑडिशन देते हैं, तो उन्होंने बेबाक अंदाज में जवाब दिया, “देने दीजिए, मुझे अच्छा नहीं लगता। जो ऑडिशन ले रहा है, पहले वह अपना ऑडिशन दे। क्या वह उस लायक है?”
NSD का इंटरव्यू ही था पहला और आखिरी ऑडिशन
रघुबीर यादव ने बताया कि यदि किसी चीज को ऑडिशन माना जाए तो वह सिर्फ नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) में दाखिले के दौरान दिया गया इंटरव्यू था। इसके बाद उन्होंने कभी किसी रोल के लिए स्क्रीन टेस्ट या ऑडिशन नहीं दिया। उनका मानना है कि निर्माता-निर्देशक उनके काम को देखकर फैसला करें कि वे किसी भूमिका के लिए उपयुक्त हैं या नहीं।
उन्होंने कहा, “मेरा काम देख लीजिए। अगर लगता है कि मैं उस किरदार के लिए सही हूं तो मुझे ले लीजिए, नहीं तो मत लीजिए।”
अभिनय की दुनिया में लंबा सफर
मध्य प्रदेश के जबलपुर में जन्मे रघुबीर यादव ने अपने अभिनय करियर में कई यादगार भूमिकाएं निभाई हैं। टीवी धारावाहिक ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ से उन्हें घर-घर पहचान मिली। इसके अलावा ‘लगान’, ‘स्वदेस’ और कई अन्य चर्चित फिल्मों में उनके अभिनय को सराहा गया।
‘प्रधान जी’ बनकर जीता नई पीढ़ी का दिल
हाल के वर्षों में रघुबीर यादव को सबसे ज्यादा लोकप्रियता वेब सीरीज ‘पंचायत’ से मिली है। इसमें उन्होंने ब्रज भूषण दुबे उर्फ ‘प्रधान जी’ का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। साल 2020 में शुरू हुई इस सीरीज के अब तक चार सीजन रिलीज हो चुके हैं, जबकि पांचवें सीजन की तैयारियां भी जारी हैं।
अपने दमदार अभिनय और बेबाक अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले रघुबीर यादव का यह बयान सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।






