Home Political news ‘जांच चल रही है, दोषी को बख्शा नहीं जाएगा’… राम मंदिर चढ़ावे...

‘जांच चल रही है, दोषी को बख्शा नहीं जाएगा’… राम मंदिर चढ़ावे में गड़बड़ी पर गरजे पंकज चौधरी

45
0
FILMITICS
'जांच चल रही है, दोषी को बख्शा नहीं जाएगा'... राम मंदिर चढ़ावे में गड़बड़ी पर गरजे पंकज चौधरी

राम मंदिर के चढ़ावे पर उठे सवालों के बीच बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का बड़ा बयान सामने आया है। अयोध्या में कथित गड़बड़ी को लेकर मचे सियासी बवाल के बीच उन्होंने साफ कर दिया है कि मामले की जांच जारी है और अगर किसी भी स्तर पर कोई दोषी पाया गया, तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

वहीं 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा किस रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी और कांग्रेस-सपा गठबंधन को लेकर पार्टी का क्या रुख है, इस पर भी उन्होंने खुलकर अपनी बात रखी। उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के तीन दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने कई अहम मुद्दों पर मीडिया से बातचीत की। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती को लेकर उठे विवाद पर उन्होंने कहा कि यह मामला मंदिर ट्रस्ट से जुड़ा है, न कि सीधे सरकार से।

उन्होंने दावा किया कि चढ़ावे की गिनती पूरी पारदर्शिता के साथ की जाती है। यह प्रक्रिया रिजर्व बैंक की निगरानी में होती है और पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था रहती है, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जाती है। पंकज चौधरी ने कहा कि सरकार इस पूरे मामले की जांच करवा रही है। अगर जांच में किसी भी तरह की अनियमितता सामने आती है और कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

इसी दौरान जब उनसे 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सवाल किया गया कि क्या भाजपा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चेहरे पर चुनाव लड़ेगी, तो उन्होंने पार्टी की पुरानी नीति को दोहराते हुए कहा कि भाजपा हमेशा संगठन और सामूहिक नेतृत्व के आधार पर चुनाव लड़ती है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं, वह स्वयं प्रदेश अध्यक्ष हैं और राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन लगातार पार्टी को मिलता रहता है। भाजपा किसी एक व्यक्ति के भरोसे नहीं बल्कि पूरे संगठन की ताकत के दम पर चुनावी मैदान में उतरती है और 2027 का चुनाव भी इसी सामूहिक नेतृत्व में लड़ा जाएगा। वहीं कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के संभावित गठबंधन तथा उनकी पीडीए राजनीति पर भी उन्होंने निशाना साधा।

पंकज चौधरी ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष ने लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की थी, लेकिन अब जनता सच्चाई को समझ चुकी है। उन्होंने दावा किया कि उसके बाद हुए कई चुनावों में जनता ने भाजपा के पक्ष में फैसला सुनाया है और कई राज्यों में पार्टी को बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों को विपक्ष का मजबूत गढ़ माना जाता था, वहां भी भाजपा ने अपनी पकड़ मजबूत की है और उत्तर प्रदेश में भी जनता विकास और सुशासन के मुद्दे पर भाजपा के साथ खड़ी नजर आएगी।