उन्नाव। चर्चित संत मिलन बाबा हत्याकांड में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सभासद अतीक के मकान पर बुलडोजर चला दिया। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को भारी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आरोपी के मकान को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जेसीबी मशीन की मदद से आरोपी के कच्चे-पक्के मकान को गिराया गया। देखते ही देखते मकान की दीवारें और छप्पर जमींदोज हो गए तथा पूरे क्षेत्र में धूल का गुबार छा गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र की निगरानी करते रहे।
पुलिस जांच में सामने आया था कि संत मिलन बाबा की हत्या इसी मकान में की गई थी। मामले में पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मुख्य आरोपी सभासद अतीक के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई जारी है।
बताया जा रहा है कि योगी सरकार की अपराध और अवैध निर्माण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह कार्रवाई की गई। संत मिलन बाबा की हत्या के बाद संत समाज और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश था। साधु-संत लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी और उनकी संपत्तियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। प्रशासन की इस कार्रवाई को हत्याकांड में सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, पूरे मामले पर पुलिस और प्रशासन की नजर बनी हुई है।






