Home Delhi दिल्ली में हुई ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग, CM रेखा गुप्ता...

दिल्ली में हुई ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग, CM रेखा गुप्ता ने फिल्म को किया टैक्स फ्री

86
0

अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत की आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म की रिलीज से पहले कंगना अपनी टीम के साथ देशभर में उन वास्तविक नायकों को सम्मानित कर रही हैं, जो संकट के समय समाज और देश की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भुवनेश्वर और रायपुर के बाद इस अभियान का अगला पड़ाव दिल्ली रहा, जहां फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया।

इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान कंगना और मुख्यमंत्री ने कई फ्रंटलाइन वर्कर्स और समाजसेवियों को सम्मानित किया। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘भारत भाग्य विधाता’ को दिल्ली में टैक्स फ्री करने की घोषणा की।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, गजेंद्र सिंह शेखावत, डॉ. राज भूषण चौधरी, प्रताप राव जाधव, गिरिराज सिंह और आशीष सूद समेत कई गणमान्य लोग भी शामिल हुए।

कंगना ने जताया आभार

इस अवसर पर कंगना रनौत ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का धन्यवाद करते हुए कहा कि दिल्ली में विकास और प्रशासनिक सुधारों के लिए उनके प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि स्क्रीनिंग के निमंत्रण को स्वीकार करने के लिए वह मुख्यमंत्री की आभारी हैं।

मुख्यमंत्री ने फिल्म के संदेश की सराहना की

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कंगना रनौत की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह संसद और समाज दोनों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराती हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म का संदेश यह बताता है कि देशभक्ति केवल वर्दीधारी लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि हर नागरिक अपने-अपने स्तर पर राष्ट्र निर्माण में योगदान देता है।

देशभर में सम्मानित किए जा रहे हैं ‘रियल हीरोज’

फिल्म की विशेष पहल के तहत विभिन्न शहरों में स्क्रीनिंग आयोजित की जा रही है, जहां पुलिसकर्मियों, नर्सों, वार्ड बॉय, सफाईकर्मियों, सुरक्षा गार्डों और अन्य फ्रंटलाइन वर्कर्स को आमंत्रित कर सम्मानित किया जा रहा है। दिल्ली कार्यक्रम में भी कई ऐसे लोगों को ‘भारत भाग्य विधाता’ बैज देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

12 जून को होगी रिलीज

‘भारत भाग्य विधाता’ को डॉ. जयंतीलाल गड़ा (पेन स्टूडियोज) प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण पेन स्टूडियोज, मणिकर्णिका फिल्म्स और परमहंस क्रिएशंस ने संयुक्त रूप से किया है। यह फिल्म 12 जून 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।