Home Uttar Pradesh पीएम मोदी और योगी की जोड़ी ने बदली यूपी की तस्वीर, विकास...

पीएम मोदी और योगी की जोड़ी ने बदली यूपी की तस्वीर, विकास और आस्था का बना नया मॉडल

35
0

लखनऊ, 10 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबी अवधि तक देश की सेवा करने का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वाराणसी से लगातार तीसरी बार सांसद चुने गए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रशासनिक क्रियान्वयन ने उत्तर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश आज देश की अर्थव्यवस्था और विकास यात्रा का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है।

पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश में बुनियादी ढांचे, निवेश, औद्योगिक विकास और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर), गंगा एक्सप्रेसवे, नमो भारत रैपिड रेल, एम्स, फर्टिलाइजर कारखाने के पुनरुद्धार, सेमीकंडक्टर परियोजनाओं, सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना और केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं ने प्रदेश को नई पहचान दिलाई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) का उद्घाटन कर प्रदेश को देश के सबसे बड़े हवाई अड्डे की सौगात दी। इसके अलावा महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अयोध्या और कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी को नई मजबूती प्रदान की है।

594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे और अन्य एक्सप्रेसवे परियोजनाओं ने प्रदेश के आर्थिक और औद्योगिक विकास को नई रफ्तार दी है। वहीं ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से उत्तर प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद बनकर उभरा है।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण और लोकार्पण संभव हुआ, जबकि काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर ने वाराणसी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई। प्रयागराज महाकुंभ-2025 में करोड़ों श्रद्धालुओं की भागीदारी ने उत्तर प्रदेश को विश्व के सबसे बड़े आध्यात्मिक आयोजनों के केंद्र के रूप में स्थापित किया। अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव जैसे आयोजनों ने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर पहुंचाने का कार्य किया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बीते वर्षों के दौरान हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। ट्रेड फैसिलिटी सेंटर, काशी विश्वनाथ धाम, सिगरा स्टेडियम, रिंग रोड, रोपवे, फ्लाईओवर और घाटों के पुनर्विकास जैसी परियोजनाओं ने शहर के स्वरूप को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। गोरखपुर में वर्षों से बंद पड़े फर्टिलाइजर कारखाने को पुनर्जीवित कर रोजगार के नए अवसर सृजित किए गए। साथ ही एम्स गोरखपुर की स्थापना से पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं।

मेरठ में नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो सेवा के शुभारंभ के साथ उत्तर प्रदेश आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। इससे दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन और अधिक सुगम हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संयुक्त कार्यशैली के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश आज बुनियादी ढांचे, निवेश, औद्योगिक विकास, धार्मिक पर्यटन और सुशासन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।