Home Crime शादी का दबाव बनाने पर प्रेमी ने की तलाकशुदा प्रेमिका की हत्या,...

शादी का दबाव बनाने पर प्रेमी ने की तलाकशुदा प्रेमिका की हत्या, शव खेत में दबाया

67
0

बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में प्रेम प्रसंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी की जिद करने पर एक युवक ने अपनी तलाकशुदा प्रेमिका की हत्या कर दी और शव को गन्ने के खेत में दबा दिया। मामले का खुलासा तब हुआ जब मुंबई पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड और लोकेशन के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की।

जानकारी के अनुसार, मंडावर थाना क्षेत्र के गांव नारायणपुर निवासी फैसल अंसारी उर्फ समीर मुंबई में सैलून का काम करता था। वहीं उसकी पहचान मुंबई के जोगेश्वरी क्षेत्र निवासी सना शमीम से हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। सना 29 मई से लापता थी। परिजनों ने उसका मोबाइल बंद मिलने पर 2 जून को मुंबई के ओशिवारा चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

जांच के दौरान मुंबई पुलिस ने फैसल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने सना की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि सना उस पर शादी करने का लगातार दबाव बना रही थी, जबकि वह उससे शादी नहीं करना चाहता था। इसी कारण उसने उसकी हत्या कर दी। शुक्रवार को मुंबई पुलिस की टीम आरोपी और मृतका के परिजनों के साथ बिजनौर पहुंची। आरोपी की निशानदेही पर मंडावर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव के जंगल में गन्ने के खेत से सना का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ईद मनाने अपने गांव आया था। सना भी उसके पीछे-पीछे बिजनौर पहुंच गई थी और उसके साथ रहने तथा शादी करने की जिद कर रही थी। इसी दौरान वह उसे बाइक से फतेहपुर के जंगल ले गया, जहां उसकी हत्या कर शव को खेत में दबा दिया। घटना को अंजाम देने के बाद वह वापस मुंबई लौट गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।