Home Political news ओपी राजभर का अखिलेश पर तंज “विदेश नहीं, पहले अपनी जड़ों और...

ओपी राजभर का अखिलेश पर तंज “विदेश नहीं, पहले अपनी जड़ों और यूपी के पर्यटन स्थलों को देखिए”

32
0

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की गई एक लंबी पोस्ट में राजभर ने अखिलेश यादव के विदेश दौरे को निशाने पर लेते हुए कहा कि अगर घूमने ही जाना था तो काशी, अयोध्या, मथुरा, नैमिषारण्य या मां विंध्यवासिनी धाम जैसे धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर लेते, जिससे स्थानीय व्यापारियों और छोटे कारोबारियों को भी लाभ मिलता।

राजभर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर जाने से फूल, मिठाई और पूजा सामग्री बेचने वाले गरीब परिवारों की आजीविका को सहारा मिलता, साथ ही होटल, परिवहन और अन्य स्थानीय व्यवसायों को भी फायदा होता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव को लंदन और पेरिस अधिक पसंद हैं और उन्हें अपने पासपोर्ट पर विदेशी मोहर लगवाने में ज्यादा गर्व महसूस होता है।

सुभासपा अध्यक्ष ने दावा किया कि देश और उत्तर प्रदेश में पर्यटन सुविधाओं में व्यापक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि नया भारत और नया उत्तर प्रदेश पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक स्थलों के विकास के मामले में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। राजभर ने अखिलेश यादव को सलाह देते हुए कहा कि वे एक बार देश और प्रदेश के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों का भ्रमण करें तथा भारतीय संस्कृति, इतिहास और विविधता को करीब से देखें।

अपने बयान के अंत में राजभर ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि पार्टी नेतृत्व को अपने कार्यकर्ताओं को संस्कार और अनुशासन का पाठ पढ़ाना चाहिए। राजभर की इस पोस्ट के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज होने की संभावना है।