Home Political news यूपी की इस सीट के लिए अड़ गई सुभासपा! BJP से मांगी...

यूपी की इस सीट के लिए अड़ गई सुभासपा! BJP से मांगी एक सीट, बदले में 10 सीटें छोड़ने का ऑफर, अरविंद राजभर का बड़ा दांव

44
0

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सहयोगी दलों के बीच सीटों को लेकर सियासी गणित तेज होता दिख रहा है। इसी बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने बाराबंकी की रामनगर विधानसभा सीट को लेकर बड़ा दावा ठोक दिया है।

ALSO READ अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी मामले में सीएम योगी का बड़ा बयान, बोले- ‘बेटी, बेटी होती है’

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और ओपी राजभर के बेटे अरविंद राजभर ने साफ संकेत दिए हैं कि सुभासपा इस सीट पर समझौता करने के मूड में नहीं है। अरविंद राजभर ने रामनगर में आयोजित एक बैठक में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ 2027 की तैयारियों की समीक्षा की। इसी दौरान उन्होंने रामनगर सीट से संजय तिवारी को पार्टी का प्रत्याशी घोषित करते हुए कहा कि बाराबंकी में सुभासपा का सबसे मजबूत आधार इसी क्षेत्र में है, इसलिए पार्टी गठबंधन के तहत यही सीट अपने लिए चाहती है। अरविंद राजभर ने कहा कि सुभासपा उत्तर प्रदेश में उन्हीं सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, जहां उसका जनाधार मजबूत है। उन्होंने दावा किया कि अगर भाजपा रामनगर सीट सुभासपा को देती है तो पार्टी इसके बदले अन्य क्षेत्रों में 10 सीटों पर अपना दावा छोड़ने के लिए भी तैयार है। जब भाजपा के पूर्व विधायक के दावे को लेकर सवाल पूछा गया तो अरविंद राजभर ने कहा कि पिछली बार सुभासपा 17 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और 10 सीटों पर महज 500 से 1000 वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे मामलों में अंतिम फैसला गठबंधन का शीर्ष नेतृत्व आपसी सहमति से करेगा। उन्होंने बताया कि पार्टी ने प्रदेश की करीब 56 विधानसभा सीटों पर कोऑर्डिनेटर और सब-कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए हैं। संगठन और जातीय समीकरणों के आधार पर लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में रामनगर सीट की स्थिति का आकलन किया गया है। अरविंद राजभर ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि गांव-गांव चौपाल लगाकर पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाया जाए और अधिक से अधिक मतदाताओं को जोड़ा जाए।