Home Breaking News आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में तकनीक की अहम भूमिका, युवाओं को नेतृत्व...

आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में तकनीक की अहम भूमिका, युवाओं को नेतृत्व संभालना होगा: बृजेश पाठक

47
0

लखनऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े आईटी सेक्टर द्वारा ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प कार्यक्रम’ के अंतर्गत “भारत के सशक्तिकरण में तकनीक की भूमिका” विषय पर एक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं तथा तकनीक की भूमिका पर विस्तार से अपने विचार रखे।

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि हम सभी देश के भविष्य से जुड़े एक महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा करने के लिए एकत्र हुए हैं। उन्होंने कहा कि आज देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की है। आजादी के बाद देश के अनेक वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों ने राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया, लेकिन लंबे समय तक नीति-निर्धारण में जिस सोच और संकल्प की आवश्यकता थी, वह पूरी तरह साकार नहीं हो सका।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की नई कार्यसंस्कृति अपनाई है। बिना लक्ष्य तय किए किसी भी बड़े उद्देश्य को हासिल नहीं किया जा सकता। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य भी इसी सोच का हिस्सा है।

बृजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को तभी पूरा किया जा सकता है, जब देश का प्रत्येक नागरिक आत्मनिर्भर बने। उन्होंने कहा कि आज भारत के युवाओं का आईटी और सॉफ्टवेयर सेक्टर में उल्लेखनीय योगदान है और आने वाले समय में भारतीय युवा वैश्विक स्तर पर तकनीकी नेतृत्व की भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि भारत ने दुनिया को शून्य (Zero) का ज्ञान दिया है और आज भी नवाचार तथा तकनीकी विकास के क्षेत्र में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें राष्ट्र निर्माण के कार्यों में योगदान देना चाहिए और भारत विरोधी शक्तियों का मजबूती से मुकाबला करना चाहिए।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हमें अनुशासन, संगठन और राष्ट्र प्रथम की भावना सिखाता है। संघ में व्यक्ति नहीं, बल्कि राष्ट्र सर्वोपरि होता है। उन्होंने सभी से स्वदेशी आंदोलन को आगे बढ़ाने, एकजुट होकर देशहित में कार्य करने और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।