रामगोपाल यादव का BJP पर बड़ा हमला, बोले- संविधान खत्म कर देश को बांटने की कोशिश कर रही है सरकार
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोलते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं, उन्होंने कहा कि बीजेपी का लक्ष्य सिर्फ क्षेत्रीय दलों को कमजोर करना नहीं है, बल्कि वह देश के संविधान को खत्म करने और देश को विखंडित करने की दिशा में काम कर रही है, इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए।
2027 में प्रचंड बहुमत से जीत का दावा
फिरोजाबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रो. रामगोपाल यादव ने आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा दावा किया, उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं और किसी भी प्रकार की चुनावी धांधली को रोकने के लिए मजबूती से मैदान में उतरेंगे, उन्होंने कहा, “2027 में हम प्रचंड बहुमत से चुनाव जीतेंगे, यदि सत्ता पक्ष या प्रशासन चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी करने की कोशिश करेगा तो हमारे कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे।”
ममता बनर्जी का जिक्र कर साधा निशाना
पश्चिम बंगाल की राजनीति और तृणमूल कांग्रेस (TMC) छोड़ने वाले नेताओं पर टिप्पणी करते हुए सपा नेता ने कहा कि जिन लोगों को ममता बनर्जी ने राजनीतिक पहचान दिलाई, वही आज उनके साथ विश्वासघात कर रहे हैं उन्होंने कहा, “जिन लोगों को ममता बनर्जी ने जमीन से उठाकर मंत्री, विधायक और सांसद बनाया, वही आज उनके खिलाफ खड़े होकर धोखा दे रहे हैं।”
रामदास आठवले के बयान पर कसा तंज
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले द्वारा शरद पवार के एनडीए में शामिल होने की संभावना वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रो. यादव ने इसे पूरी तरह खारिज कर दिया, उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देश में बहुत कम लोग रामदास आठवले के बयानों को गंभीरता से लेते हैं।
कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सपा महासचिव ने सरकार को घेरा, उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, फिरोजाबाद का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि दो दिनों के भीतर दो बड़ी डकैती की घटनाएं सामने आई हैं, जो कानून-व्यवस्था की स्थिति को दर्शाती हैं।
एनकाउंटर नीति पर भी साधा निशाना
प्रो. रामगोपाल यादव ने सरकार की एनकाउंटर नीति पर भी सवाल उठाए, उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराध रोकने के बजाय केवल एनकाउंटर की कार्रवाई को ही समाधान मान रही है, उन्होंने कहा, “सरकार के पास अपराध नियंत्रण की कोई ठोस नीति नहीं है। किसी को पकड़कर गोली मार देना और उसकी रिपोर्ट बनाकर भेज देना ही उनकी कार्यशैली बन गई है,” सपा नेता के इन बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज होने की संभावना जताई जा रही है।






