Home bollywood ‘दिलजले’ ने बदल दी थी मधु की जिंदगी, फिल्म देखकर ही पति...

‘दिलजले’ ने बदल दी थी मधु की जिंदगी, फिल्म देखकर ही पति हो गए थे दीवाने; एक्ट्रेस ने किया दिलचस्प खुलासा

86
0

बॉलीवुड अभिनेत्री मधु ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि उनकी सुपरहिट फिल्म ‘दिलजले’ ही उनकी शादी की वजह बनी। एक्ट्रेस ने खुलासा किया कि उनके पति आनंद शाह ने जब उन्हें इस फिल्म में देखा था, तो वे उनसे इतने प्रभावित हुए कि बाद में दोनों की शादी हो गई।

आईएएनएस से बातचीत के दौरान मधु ने कहा कि ‘दिलजले’ उनके करियर की ही नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी की भी सबसे खास फिल्मों में से एक है। उन्होंने मुस्कुराते हुए बताया कि उनके पति ने यह फिल्म सिंगापुर में देखी थी और फिल्म में उनके अभिनय से बेहद प्रभावित हो गए थे। मधु ने कहा, “मुझे लगता है कि मेरे पति ने सिंगापुर में ‘दिलजले’ देखी थी और फिल्म देखने के बाद उन्होंने कहा था, ‘यह लड़की कौन है? यह तो कमाल की है।’ बाद में जिंदगी ने ऐसा मोड़ लिया कि मेरी शादी उसी शख्स से हो गई।”

मधु ने 19 फरवरी 1999 को बिजनेसमैन आनंद शाह से शादी की थी। आनंद शाह मशहूर उद्योगपति परिवार से संबंध रखते हैं और अभिनेत्री जूही चावला के पति जय मेहता के चचेरे भाई हैं। इस दंपति की दो बेटियां हैं, अमेया शाह और केया शाह।

अगर फिल्म ‘दिलजले’ की बात करें तो इसका निर्देशन हैरी बावेजा ने किया था। फिल्म में अजय देवगन, मधु और सोनाली बेंद्रे मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। वहीं परमीत सेठी, शक्ति कपूर, गुलशन ग्रोवर और अमरीश पुरी ने भी अहम किरदार निभाए थे। इस फिल्म में मधु ने शबनम नाम की महिला आतंकी का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने खूब सराहा था।

मधु ने बताया कि ‘दिलजले’ में उनके अभिनय को आलोचकों से भी काफी सराहना मिली थी। इससे पहले उन्होंने अजय देवगन के साथ फिल्म ‘फूल और कांटे’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। यह फिल्म उस दौर की बड़ी हिट साबित हुई और मधु रातोंरात स्टार बन गईं।

हाल ही में मधु ने फिल्मों में महिलाओं की प्रस्तुति और बदलते सामाजिक नजरिए पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने जाह्नवी कपूर की फिल्म ‘पेद्दी’ को लेकर चल रही बहस का जिक्र करते हुए कहा कि समय के साथ समाज की सोच काफी बदल गई है। उन्होंने अपनी पहली फिल्म ‘फूल और कांटे’ का उदाहरण देते हुए कहा कि उस दौर में जिन दृश्यों और गानों को रोमांस माना जाता था, आज उन्हें अलग नजरिए से देखा जाता है।

मधु ने कहा कि फिल्म के शुरुआती गानों में कॉलेज कैंपस में लड़कों द्वारा उनका पीछा करना, सीटी बजाना और छेड़ना दिखाया गया था। उस समय इसे रोमांटिक अंदाज के रूप में प्रस्तुत किया जाता था और दर्शक भी इसे उसी नजर से देखते थे। लेकिन आज के दौर में ऐसे व्यवहार को स्वीकार नहीं किया जाएगा और इसे गलत माना जाएगा।उन्होंने कहा, “आज अगर कोई लड़का किसी लड़की का पीछा करे या उसे परेशान करे, तो उसे रोमांस नहीं कहा जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई हो सकती है। समाज और सिनेमा दोनों की सोच में बड़ा बदलाव आया है।”

मधु का यह बयान न सिर्फ उनकी निजी जिंदगी के एक अनोखे पहलू को सामने लाता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि समय के साथ फिल्मों और रिश्तों को देखने का नजरिया किस तरह बदल गया है।