Home Breaking News अलीगढ़ पुलिस ने लौटाए 242 खोए मोबाइल, 46 लाख से अधिक की...

अलीगढ़ पुलिस ने लौटाए 242 खोए मोबाइल, 46 लाख से अधिक की संपत्ति बरामद

53
0

अलीगढ़। अलीगढ़ पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए 242 खोए और गुम हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे हैं। इस कार्रवाई से न केवल लोगों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ है, बल्कि आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग का भी उदाहरण सामने आया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के निर्देशन में सर्विलांस सेल और विभिन्न थाना पुलिस टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों से कुल 242 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 46 लाख 30 हजार 679 रुपये है। सभी मोबाइलों का सत्यापन कर उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया गया। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया। कई लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए धन्यवाद भी दिया।

इस अवसर पर एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने आमजन से अपील की कि मोबाइल फोन खोने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इससे पुलिस को समय पर सूचना मिलती है और मोबाइल की ट्रैकिंग एवं बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है।