Home Uncategorized 19 जून से NEET अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, रोडवेज और सिटी बसों...

19 जून से NEET अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, रोडवेज और सिटी बसों में मिलेगा आधे किराये पर सफर

29
0

लखनऊ। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत दी है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को बस किराये में 50 प्रतिशत की छूट देने का निर्णय लिया है। वहीं, सिटी ट्रांसपोर्ट प्रशासन भी अभ्यर्थियों को सिटी बसों में आधे किराये पर यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराएगा। यह विशेष सुविधा 19 जून की आधी रात से 21 जून की आधी रात तक लागू रहेगी। इस दौरान अभ्यर्थी अपना प्रवेश पत्र (Admit Card) दिखाकर रियायती दर पर यात्रा कर सकेंगे।

परिवहन निगम के निर्देशों के अनुसार, बस परिचालक प्रत्येक अभ्यर्थी से प्रवेश पत्र की एक छायाप्रति प्राप्त कर रियायती टिकट जारी करेंगे। टिकट जारी करने से पहले अभ्यर्थी की फोटो और परीक्षा तिथि का सत्यापन भी किया जाएगा। टिकटिंग मशीन के माध्यम से टिकट जारी किए जाएंगे और वेबिल के पीछे अभ्यर्थी का नाम, रोल नंबर, यात्रा मार्ग तथा टिकट राशि का विवरण दर्ज किया जाएगा।

निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी कारणवश टिकटिंग मशीन से टिकट जारी नहीं हो पाता है तो डिपो अथवा केंद्र प्रभारी की अनुमति से मैनुअल टिकट जारी किया जा सकेगा। प्रवेश पत्र की एक प्रति सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा।

उधर, सिटी ट्रांसपोर्ट प्रशासन ने भी NEET अभ्यर्थियों को राहत देते हुए सिटी बसों में 50 प्रतिशत किराया छूट देने की घोषणा की है। राजधानी लखनऊ में वर्तमान में 22 रूटों पर 115 सिटी बसों का संचालन हो रहा है, जिससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में आसानी होगी। परिवहन विभाग का मानना है कि इस पहल से परीक्षा देने जा रहे हजारों छात्रों को आर्थिक राहत मिलने के साथ-साथ समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने में भी मदद मिलेगी।