उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर द्वारा समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट का दावा किए जाने के बाद राजनीतिक माहौल गर्म है। राजभर के बयान पर सपा नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। इसी बीच प्रदेश सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने भी बड़ा राजनीतिक दावा किया है। मीडिया से बातचीत में संजय निषाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी के दो दर्जन से अधिक सांसद उनके संपर्क में हैं और वे लगातार उनसे संवाद कर रहे हैं।
संजय निषाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी समेत पूरा विपक्ष लंबे समय से सत्ता से बाहर है। ऐसे में विपक्षी दलों के कई जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्रों के विकास को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी में हिंदुत्व विचारधारा से जुड़े कई नेता और सांसद उनसे मिलने आते रहते हैं।
निषाद ने आगे कहा कि ये नेता और सांसद लगातार उनके संपर्क में हैं तथा प्रदेश और केंद्र की सरकारों के साथ मिलकर विकास कार्यों में भागीदारी चाहते हैं। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, समाजवादी पार्टी की ओर से इस दावे पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।






