प्रतापगढ़ की रानीगंज विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक डॉ. आरके वर्मा के खिलाफ साइबर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणी करने का आरोप लगा है।
मामला भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अंशुमान सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विधायक डॉ. आरके वर्मा ने अपने फेसबुक अकाउंट से प्रधानमंत्री और महिला सांसद के संबंध में अभद्र पोस्ट साझा की, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुईं और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका पैदा हुई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर साइबर थाने में संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद जिले की सियासत गरमा गई है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है, जबकि विपक्षी खेमे की नजर अब पुलिस जांच पर टिकी हुई है।






