Home Uttarakhand news उत्तराखंड में 2 जुलाई को राज्यव्यापी मानसून मॉक ड्रिल, 13 जिलों में...

उत्तराखंड में 2 जुलाई को राज्यव्यापी मानसून मॉक ड्रिल, 13 जिलों में एक साथ होगा बड़ा अभ्यास

97
0

देहरादून। मानसून सीजन के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए उत्तराखंड में 2 जुलाई को राज्यव्यापी मानसून मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण  ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्य के सभी 13 जिलों के करीब 70 चिन्हित स्थानों पर एक साथ यह अभ्यास किया जाएगा। मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव तंत्र की तत्परता, समन्वय और संसाधनों की उपलब्धता का परीक्षण किया जाएगा।

अभ्यास के दौरान जलभराव, भूस्खलन, सड़क संपर्क कटने, दूरस्थ क्षेत्रों में फंसे लोगों को निकालने और हेली रेस्क्यू जैसे विभिन्न आपदा परिदृश्यों का वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही राहत शिविरों में बिजली, पेयजल, भोजन, चिकित्सा और संचार व्यवस्थाओं की भी जांच की जाएगी।

इस राज्यव्यापी अभियान में SDRF, NDRF, पुलिस, जिला प्रशासन, NCC, NSS, स्वास्थ्य विभाग तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठन सक्रिय रूप से भाग लेंगे। सरकार का उद्देश्य मानसून के दौरान किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है।