Home Uttarakhand news बनबसा में सीएम धामी ने किया योग, उत्तराखंड को योग राजधानी बनाने...

बनबसा में सीएम धामी ने किया योग, उत्तराखंड को योग राजधानी बनाने का दोहराया संकल्प

99
0

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हजारों लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और योगमय समाज का संदेश दिया। कार्यक्रम में सशस्त्र सेना के जवानों, योग साधकों, छात्र-छात्राओं, युवाओं, मातृशक्ति और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली जीवनशैली है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को मानसिक शांति, आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है तथा वर्तमान समय में तनाव, अवसाद और अस्वस्थ जीवनशैली से उत्पन्न चुनौतियों का प्रभावी समाधान बनकर उभरा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग को अपने जीवन का हिस्सा बना चुके हैं। योग भारतीय संस्कृति के ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ जैसे सार्वभौमिक संदेशों को विश्वभर में पहुंचाने का माध्यम बना है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड योग, अध्यात्म और साधना की भूमि है तथा राज्य सरकार उत्तराखंड को योग एवं वेलनेस की वैश्विक राजधानी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में देश की पहली योग नीति लागू की गई है, जिसके तहत योग एवं ध्यान केंद्रों की स्थापना के लिए अधिकतम 20 लाख रुपये तक की सब्सिडी और योग, ध्यान तथा प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में शोध को प्रोत्साहन देने के लिए 10 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है। प्रदेश में पांच नए योग हब विकसित किए जा रहे हैं तथा सभी आयुष हेल्थ एवं वेलनेस सेंटरों में योग सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बनबसा में योग दिवस आयोजन का उद्देश्य शारदा नदी तट को योग और आध्यात्मिक साधना के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना भी है। उन्होंने बताया कि लगभग 3300 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही शारदा कॉरिडोर परियोजना के तहत टनकपुर से बनबसा तक धार्मिक, आध्यात्मिक और पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है। परियोजना के प्रथम चरण में 179 करोड़ रुपये की लागत से शारदा घाट के पुनर्विकास कार्य शुरू किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। साथ ही नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाएं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सशस्त्र सेना के जवानों के साथ ‘एक वृक्ष योग के नाम’ अभियान के तहत बनबसा मिनी स्टेडियम परिसर में आम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।