अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐतिहासिक झांसी किले की तलहटी में आयोजित भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम में भाग लेकर प्रदेशवासियों को स्वस्थ जीवन और निरोगी भारत का संदेश दिया। कार्यक्रम में हजारों लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ योगाभ्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसने आज पूरी दुनिया को स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की दिशा दिखाई है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर झांसी पहुंचे हैं। शुक्रवार को उन्होंने विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की थी। समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठकें कर कानून-व्यवस्था, विकास परियोजनाओं तथा शासन की प्राथमिकताओं की भी समीक्षा की। योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।






