उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बोढा गांव में विकास कार्यों में कथित घोटाले की जांच करने पहुंची प्रशासनिक टीम के सामने अचानक माहौल बेकाबू हो गया पंचायत भवन, जहां जांच चल रही थी, कुछ ही मिनटों में अखाड़े में तब्दील हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।
जांच के दौरान शुरू हुआ विवाद
मामला छपरौली थाना क्षेत्र के बोढा गांव का है, जहां ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्यों में अनियमितताओं और सरकारी धन के कथित दुरुपयोग की शिकायत पर प्रशासनिक टीम जांच के लिए पहुंची थी, गांव के निवासी जसवीर ने ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव पर विकास कार्यों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी, इसी शिकायत के आधार पर अधिकारी पंचायत भवन पहुंचे और दोनों पक्षों को अपना-अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया।
बहस से शुरू हुआ विवाद, फिर बढ़ी हाथापाई
Also Read – आपातकाल पर बृजभूषण शरण सिंह का पोस्ट, लोकतंत्र सेनानियों को किया नमन
जांच के दौरान शिकायतकर्ता पक्ष और प्रधान प्रतिनिधि पक्ष के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, देखते ही देखते मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया और माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया, कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और पंचायत भवन के अंदर ही कुर्सियां चलने लगीं, इस दौरान चप्पलों से भी हमला किए जाने की बात सामने आई है।
अफसरों और पुलिस की मौजूदगी में हंगामा
हैरानी की बात यह रही कि यह पूरा घटनाक्रम पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ, स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मी बीच-बचाव में जुट गए, लेकिन कुछ समय तक दोनों पक्षों के बीच झड़प जारी रही, इस दौरान कई लोगों को मामूली चोटें आईं। अफसरों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को अलग कराया।
वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर चर्चा
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, वीडियो में कुर्सीबाजी और हंगामे के दृश्य साफ देखे जा सकते हैं, जिसके बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
पहले भी सुर्खियों में रहा बागपत
बागपत जिला पहले भी ऐसे विवादों को लेकर सुर्खियों में रह चुका है, इससे पहले ‘चाट युद्ध’ के नाम से एक मामला वायरल हुआ था, जिसमें दुकानों पर ग्राहकों को बुलाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया था कि मारपीट तक पहुंच गया था, उसी मामले में एक दुकानदार अपनी अनोखी पहचान के कारण सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया था, फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच की बात कही है, अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और मौके की स्थिति की समीक्षा के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






