Home Breaking News CBSE तीन-भाषा नीति पर बड़ा अपडेट: कक्षा 7 से 9 के छात्र...

CBSE तीन-भाषा नीति पर बड़ा अपडेट: कक्षा 7 से 9 के छात्र 10वीं तक जारी रख सकेंगे विदेशी भाषा

43
0

नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की तीन-भाषा नीति को लेकर छात्रों और अभिभावकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। शिक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, वर्तमान में कक्षा 7, 8 और 9 में पढ़ रहे वे छात्र जिन्होंने तीन-भाषा व्यवस्था के तहत दो विदेशी भाषाएं चुनी हैं, उन्हें कक्षा 10 तक उसी भाषा संयोजन के साथ पढ़ाई जारी रखने की अनुमति दी जाएगी।

यह फैसला उन छात्रों के लिए राहत लेकर आया है जो नई भाषा नीति लागू होने के बाद अपने विषय बदलने को लेकर चिंतित थे। इससे पहले CBSE ने 15 मई 2026 के सर्कुलर में कहा था कि 1 जुलाई 2026 से कक्षा 9 में तीन भाषाओं का अध्ययन अनिवार्य होगा, जिनमें कम से कम दो भारतीय भाषाएं शामिल होंगी।

क्या है नया अपडेट?

ताजा जानकारी के मुताबिक, यह नई व्यवस्था पहले से कक्षा 7, 8 और 9 में पढ़ रहे छात्रों पर लागू नहीं होगी। ऐसे छात्र जिन्होंने पहले ही दो विदेशी भाषाएं चुन रखी हैं, वे बिना किसी बदलाव के कक्षा 10 तक उसी संयोजन के साथ पढ़ाई जारी रख सकेंगे।

नए छात्रों पर लागू होगी नीति

CBSE की तीन-भाषा नीति का पूर्ण क्रियान्वयन आगामी बैचों पर किया जाएगा। नए नियमों के तहत छात्रों को तीन भाषाएं पढ़नी होंगी, जिनमें कम से कम दो भारतीय भाषाएं होंगी। हालांकि, विदेशी भाषा को तीसरी या अतिरिक्त चौथी भाषा के रूप में चुनने का विकल्प उपलब्ध रहेगा।

छात्रों और अभिभावकों को राहत

इस स्पष्टीकरण से उन हजारों छात्रों और अभिभावकों की चिंता दूर हो गई है, जिन्हें बीच सत्र में भाषा बदलने की आशंका थी। अब मौजूदा छात्र बिना किसी अतिरिक्त दबाव के अपनी वर्तमान भाषा व्यवस्था के साथ पढ़ाई जारी रख सकेंगे।

EDITOR : SHIVANSHU PATWA