Home Breaking News शिवराज के बेटे पर बयान राहुल गांधी को पड़ा भारी, हाईकोर्ट में...

शिवराज के बेटे पर बयान राहुल गांधी को पड़ा भारी, हाईकोर्ट में जताया खेद; मानहानि मामले का हुआ निपटारा

63
0

भोपाल: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान से जुड़े मानहानि मामले में खेद व्यक्त किया है। यह मामला वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए एक बयान से जुड़ा था, जिसमें राहुल गांधी ने कथित तौर पर कार्तिकेय सिंह चौहान का नाम पनामा पेपर्स प्रकरण से जोड़ दिया था।

राहुल गांधी की ओर से उनके वकील ने हाईकोर्ट में दायर आवेदन में कहा कि संबंधित बयान कार्तिकेय सिंह चौहान के संदर्भ में नहीं था और यदि गलत पहचान के कारण विवाद उत्पन्न हुआ है तो उसे लेकर खेद व्यक्त किया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि बयान के अगले ही दिन सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण दिया गया था।

कार्तिकेय सिंह चौहान ने आरोप लगाया था कि 2018 में झाबुआ की चुनावी सभा में राहुल गांधी ने उनका नाम लेकर पनामा पेपर्स का उल्लेख किया, जिससे उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा। इसके बाद भोपाल की विशेष अदालत में मानहानि का मामला दर्ज कराया गया था। अदालत के समन को चुनौती देते हुए राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का रुख किया था।

सुनवाई के दौरान कार्तिकेय सिंह चौहान की ओर से भी कहा गया कि अब विवाद को आगे नहीं बढ़ाना चाहते। इसके बाद हाईकोर्ट ने मामले का निस्तारण कर दिया।

इस घटनाक्रम के बाद भाजपा ने राहुल गांधी पर राजनीतिक हमला तेज कर दिया। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं को अदालतों में बार-बार खेद या माफी जतानी पड़ती है। वहीं कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी ने केवल तथ्यात्मक भ्रम पर खेद जताया है और यह किसी गलत मंशा से दिया गया बयान नहीं था।

Editor : Shivanshu Patwa