Home Crime द्वारपूजा के दौरान लापता हुई 4 वर्षीय मासूम का शव मिलने से...

द्वारपूजा के दौरान लापता हुई 4 वर्षीय मासूम का शव मिलने से फैली सनसनी, परिजनों मे कोहराम

68
0

जौनपुर के जफराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब द्वारपूजा के दौरान लापता हुई चार वर्षीय मासूम बच्ची का शव घर से करीब 100 मीटर दूर जंगल में मिला। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, गांव में एक परिवार के यहां शादी का कार्यक्रम चल रहा था। चार वर्षीय मासूम अपनी नानी पक्ष के रिश्तेदारों के यहां शादी में शामिल होने आई थी। शाम के समय द्वारपूजा के दौरान वह अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी, लेकिन कुछ देर बाद अचानक लापता हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

बच्ची के लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ तलाश अभियान शुरू किया। इसी दौरान घर से लगभग 100 मीटर दूर जंगल में मासूम का शव बरामद हुआ। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्ची को शाम के समय शादी समारोह में खेलते और डांस करते देखा गया था।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।