Home Bihar बांकीपुर उपचुनाव में तेज प्रताप यादव का बड़ा दांव, वीणा मानवी को...

बांकीपुर उपचुनाव में तेज प्रताप यादव का बड़ा दांव, वीणा मानवी को बनाया अपना उम्मीदवार

52
0

बांकीपुर उपचुनाव: तेज प्रताप यादव ने वीणा मानवी को बनाया संभावित उम्मीदवार, चुनावी मुकाबला होगा दिलचस्प

पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, हालांकि अभी तक निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं किया है, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं, इसी क्रम में जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने पार्टी के संभावित उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है।

मंगलवार (30 जून, 2026) को तेज प्रताप यादव ने वीणा मानवी को जनशक्ति जनता दल की सदस्यता दिलाई। इसके साथ ही उन्हें बांकीपुर विधानसभा सीट से पार्टी का संभावित प्रत्याशी घोषित करते हुए संगठनात्मक जिम्मेदारी भी सौंपी गई, इसकी जानकारी तेज प्रताप यादव ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट के जरिए साझा की।

पोस्ट में कहा गया कि व्यवस्था एवं समृद्ध महिला विकास मंच की कमेटी के तत्वावधान में वीणा मानवी ने जनशक्ति जनता दल की सदस्यता ग्रहण की, पार्टी ने उनका स्वागत करते हुए आगामी बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में संभावित उम्मीदवार के रूप में उन पर भरोसा जताया।

Also Read – सहारनपुर से ‘स्कूल चलो अभियान’ के दूसरे चरण का आज शुभारंभ करेंगे सीएम योगी

पार्टी की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि संगठन को विश्वास है कि वीणा मानवी अपने सेवा-भाव, जनहित के प्रति प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ क्षेत्र की जनता की आवाज बनेंगी तथा पार्टी को नई मजबूती देंगी, साथ ही उनके सफल राजनीतिक जीवन और जनसेवा के लिए शुभकामनाएं भी दी गईं।

बीजेपी का गढ़ रही है बांकीपुर सीट

बांकीपुर विधानसभा सीट फिलहाल उपचुनाव की वजह से खाली हुई है। वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में इस सीट से बीजेपी के नितिन नवीन विधायक चुने गए थे, बाद में उनके राज्यसभा सांसद बनने के बाद यह सीट रिक्त हो गई, जिसके चलते यहां उपचुनाव कराया जाएगा, बांकीपुर सीट लंबे समय से बीजेपी का मजबूत गढ़ मानी जाती है। ऐसे में इस बार भी मुकाबला बेहद दिलचस्प रहने की उम्मीद है।

जन सुराज की रणनीति पर भी नजर

बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज की भूमिका भी अहम मानी जा रही है। पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर इस सीट पर लगातार सक्रिय हैं, हालांकि अभी तक जन सुराज ने अपने उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि प्रशांत किशोर स्वयं भी चुनाव मैदान में उतर सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, उपचुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही बांकीपुर में चुनावी सरगर्मियां और तेज होने की संभावना है, सभी प्रमुख दल इस प्रतिष्ठित सीट पर जीत दर्ज करने के लिए अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं।