चित्रकूट। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में विकास खंड कर्वी की ग्राम पंचायत डिलौरा में शुक्रवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अरुण कुमार यादव ने की। इस दौरान ग्राम पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की समीक्षा की गई तथा ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया।
विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की हुई समीक्षा

ग्राम चौपाल में खंड विकास अधिकारी महिमा विद्यार्थी, एडीओ पंचायत धर्मेंद्र कुमार यादव, राजस्व लेखपाल अशोक कुमार वर्मा, ग्राम सचिव रामभरोस, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, कोटेदार, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।बैठक के दौरान ग्राम सचिव ने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
बरसात में सफाई व्यवस्था बनी प्रमुख मुद्दा

ग्राम चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने बरसात के मौसम में गांव में गंदगी और सफाई व्यवस्था की समस्या प्रमुखता से उठाई। ग्रामीणों ने नियमित सफाई और जलभराव की समस्या के समाधान की मांग की।इस पर अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार यादव ने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि गांव में तत्काल प्रभाव से नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। जहां भी गंदगी हो, वहां तत्काल सफाई कराई जाए तथा सफाईकर्मियों की नियमित निगरानी की जाए।
स्वच्छता बनाए रखने में ग्रामीणों से सहयोग की अपील
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के मौसम में स्वच्छता बनाए रखना बेहद आवश्यक है, क्योंकि गंदगी से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अनावश्यक गंदगी न फैलाएं, कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और गांव को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने में प्रशासन और सफाईकर्मियों का सहयोग करें।उन्होंने कहा कि प्रशासन और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ गांव का निर्माण संभव है।






