लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा के कई विधायक अपनी विधानसभा सीट बदलना चाहते हैं। इस बयान पर भाजपा की सरोजिनी नगर विधानसभा सीट से विधायक ने तीखा पलटवार किया।
राजेश्वर सिंह ने कहा कि लखनऊ में सपा प्रमुख और उनके नेताओं की ओर से दी जा रही ऐसी चुनौतियां यह दर्शाती हैं कि वे भाजपा की संगठनात्मक ताकत और जनता के विश्वास को समझ नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के 225 तो क्या, दो विधायक भी अपनी सीट बदलना नहीं चाहते, क्योंकि उन्हें अपने कार्य, संगठन और जनता के समर्थन पर पूरा भरोसा है।
उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी अब जमीनी राजनीति से दूर होकर केवल सोशल मीडिया और ट्विटर तक सीमित होती जा रही है। बूथ स्तर पर मेहनत, जनता की समस्याओं और वास्तविक जनभावनाओं से उसका संपर्क लगातार कमजोर हुआ है।
राजेश्वर सिंह ने सपा को चुनौती देते हुए कहा कि यदि पार्टी में दम है तो उसका शीर्ष नेतृत्व लखनऊ की प्रतिष्ठित विधानसभा सीटों से चुनाव लड़कर जनता के बीच अपना जनाधार साबित करे।उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में अपने पिछले सभी चुनावों से बेहतर प्रदर्शन करेगी, क्योंकि पार्टी के पास केवल नारे नहीं, बल्कि विकास का सिद्ध रिकॉर्ड, मजबूत संगठन और जनता का अटूट आशीर्वाद है।






