Home Uttar Pradesh प्रतापगढ़ में सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला”बाबरी ढांचे की जगह...

प्रतापगढ़ में सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला”बाबरी ढांचे की जगह राम मंदिर देखकर सपा-कांग्रेस को पीड़ा”

25
0

प्रतापगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रतापगढ़ में 384 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने राम मंदिर, वक्फ, कानून-व्यवस्था, विकास और रोजगार जैसे मुद्दों पर विपक्ष को घेरते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस की सबसे बड़ी पीड़ा यह है कि जहां वे बाबरी ढांचा देखना चाहते थे, वहां आज भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर खड़ा है।

राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस के पास अब जनता के बीच जाने के लिए कोई सकारात्मक मुद्दा नहीं बचा है। इसलिए वे जाति और आस्था के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में बाबरी ढांचे का समर्थन करने वाले आज आस्था की बात कर रहे हैं और गिरगिट की तरह अपना रंग बदल रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में कथित दान गड़बड़ी के मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की मांग पर एसआईटी का गठन किया गया। प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज हुई और जिनके खिलाफ साक्ष्य मिले, उनके विरुद्ध कार्रवाई भी की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि वक्फ संपत्तियों में कथित अनियमितताओं और हजारों हेक्टेयर जमीन के दुरुपयोग पर कांग्रेस और सपा पूरी तरह मौन क्यों हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “वक्फ के नाम पर इनके मुंह पर आखिर फेविकोल क्यों चिपक जाता है?”

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष एक घटना को आधार बनाकर हिंदू आस्था को अपमानित करने का प्रयास कर रहा है, जबकि वक्फ की जमीनों में कथित गड़बड़ियों पर कभी आवाज नहीं उठाता। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिकों को विपक्ष से इस दोहरे रवैये का जवाब मांगना चाहिए।

रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनाई गई है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई 60,244 पुलिस भर्ती में प्रतापगढ़ के भी सैकड़ों युवाओं को नियुक्ति मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले नौकरियों की नीलामी होती थी, जबकि वर्तमान सरकार योग्यता के आधार पर युवाओं को अवसर दे रही है।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर जातीय राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि युवा रोजगार पाएंगे तो जातिवाद की राजनीति स्वतः समाप्त हो जाएगी। इसी कारण विपक्ष समाज को जातीय आधार पर बांटने का प्रयास कर रहा है।

विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतापगढ़ में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, नर्सिंग कॉलेज का शिलान्यास, धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण, बेहतर सड़क संपर्क और गंगा एक्सप्रेसवे जैसी परियोजनाओं से जिले को नई पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रतापगढ़ पिछड़े जिलों में गिना जाता था, लेकिन आज विकास की नई तस्वीर सामने है।

सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, मुफ्त बिजली, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और सरकारी स्कूलों में ऑपरेशन कायाकल्प जैसी योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में “एक जनपद-एक माफिया” की पहचान थी, लेकिन अब “एक जनपद-एक मेडिकल कॉलेज” और “वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट” जैसी योजनाएं उत्तर प्रदेश की नई पहचान बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आज प्रदेश में विकास, सुशासन और पारदर्शिता के नए मानक स्थापित हुए हैं और जनता अब पुराने दौर की राजनीति में लौटने वाली नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here