Home Uttar Pradesh UP Weather Alert: यूपी में मानसून का कहर, 9 जिलों में रेड...

UP Weather Alert: यूपी में मानसून का कहर, 9 जिलों में रेड अलर्ट; गाजियाबाद में जलभराव से 3 साल की बच्ची की मौत

29
0

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आखिरकार मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले कई दिनों से प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार हो रही बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दी है, वहीं कई इलाकों में जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। मुजफ्फरनगर, संभल, बिजनौर समेत 9 जिलों में भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि मेरठ, सहारनपुर, बुलंदशहर सहित 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के 43 जिलों में बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की आशंका के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में बिजनौर जिले के नजीबाबाद में 306 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो वर्ष 1952 के बाद तीसरी सबसे अधिक बारिश मानी जा रही है। लगातार बारिश के चलते कई जिलों में तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है, जिससे लोगों को राहत मिली है।

आईएमडी ने चेतावनी दी है कि कई जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के कई इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक पश्चिमी यूपी में बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि 10 से 13 जुलाई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी व्यापक वर्षा देखने को मिल सकती है।

बारिश के कारण कई जिलों में जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर में जलभराव ने एक मासूम की जान ले ली। जानकारी के अनुसार तीन वर्षीय पल्लवी घर के बाहर पानी से भरी गली में चली गई और गहरे पानी में डूब गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए गाजियाबाद प्रशासन ने कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिला प्रशासन ने सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड तथा अन्य सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

राजधानी लखनऊ में भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि इस मानसून सीजन में अब तक लखनऊ में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 8 जुलाई के बीच जहां 133 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, वहीं अब तक केवल 51.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा। ऐसे में लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here