गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर को करीब 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान 813.52 करोड़ रुपये की 4 परियोजनाओं का लोकार्पण और 181.77 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर 2.6 किलोमीटर लंबा सिक्सलेन फ्लाईओवर भी शामिल है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए आस्था पर प्रहार करने वाले आज सबसे बड़े आस्थावान बनने का ठेका ले रहे हैं। कांग्रेस और सपा के नेताओं के मुंह से आस्था को लेकर दिए जा रहे उपदेश हास्यास्पद लगते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने राम मंदिर आंदोलन में बाधा डाली और रामभक्तों पर गोली चलवाई, जबकि कांग्रेस ने भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल खड़े किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और आए दिन दंगे होते थे। युवाओं को रोजगार नहीं मिलता था और व्यापारियों व महिलाओं की सुरक्षा भी चुनौती बनी हुई थी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और निवेश के साथ रोजगार के अवसर बढ़े हैं।
सीएम योगी ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में प्रदेश में 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। गोरखपुर में गीडा के जरिए करीब 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि पहले गोरखपुर माफिया और मच्छरों के लिए बदनाम था, लेकिन अब यहां विकास और निवेश का माहौल है।
मुख्यमंत्री ने इंसेफेलाइटिस के मुद्दे पर भी पिछली सरकारों को घेरा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने पूर्वी उत्तर प्रदेश से इंसेफेलाइटिस को नियंत्रित करने में सफलता हासिल की है। गोरखपुर में एम्स और खाद कारखाने की शुरुआत का भी उन्होंने जिक्र किया। रामगढ़ताल के विकास का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि कभी गंदगी और मच्छरों के लिए बदनाम यह क्षेत्र आज पर्यटन और रोजगार का बड़ा केंद्र बन चुका है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता बनाए रखने, जलभराव रोकने और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और सुगम आवागमन से विकास की गति तेज होती है। गोरखपुर से लखनऊ और वाराणसी की कनेक्टिविटी में सुधार के साथ एयर और रेल कनेक्टिविटी भी मजबूत हुई है।
