चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में कोडीन कफ सिरप बरामद किया है। पुलिस को रिंग रोड पर एक लावारिस हालत में ट्रक खड़ा मिला, जिसकी तलाशी लेने पर ट्रक में मुर्गी के दाने के नीचे छिपाकर रखी गई 3600 शीशी कोडीन कफ सिरप बरामद हुई।
पुलिस की चेकिंग के डर से तस्करों के ट्रक छोड़कर फरार होने की आशंका जताई जा रही है। अलीनगर पुलिस ने ट्रक और बरामद कफ सिरप को कब्जे में ले लिया है। वहीं, मामले की जांच के लिए ड्रग इंस्पेक्टर भी मौके पर पहुंचे हैं।
पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस ट्रक के नंबर के आधार पर उसके मालिक और कफ सिरप की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क के पीछे एक बड़ा तस्करी गिरोह सक्रिय हो सकता है। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
