Home Political news पेपर लीक और छात्रों के अपमान को लेकर ‘आप’ का सरकार पर...

पेपर लीक और छात्रों के अपमान को लेकर ‘आप’ का सरकार पर हमला

23
0
VANSHRAJ DUBEY | Chief Spokesperson of AAP UP

लखनऊ, 24 जुलाई 2026। आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं छात्र संघ प्रभारी वंशराज दुबे ने प्रदेश की योगी सरकार और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल पर छात्रों और युवाओं के मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला है। आगामी 27 से 29 जुलाई तक जौनपुर, वाराणसी और बलिया के विश्वविद्यालयों में प्रस्तावित दीक्षांत समारोहों को लेकर दुबे ने राज्यपाल की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब युवा पेपर लीक और अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई और कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

वंशराज दुबे ने उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि छात्रों को अपमानित करने वाले मंत्री को पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार बेटियों की सुरक्षा और सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी ओर छात्राओं के साथ कथित पुलिसिया दुर्व्यवहार के आरोप सामने आ रहे हैं। ऐसे में राज्यपाल के आगामी दीक्षांत समारोहों में शामिल होने को लेकर उन्होंने सवाल खड़े किए।

दुबे ने प्रदेश के छात्रों, टॉपर्स और गोल्ड मेडलिस्टों से दीक्षांत समारोहों के बहिष्कार की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की मेहनत और उनके भविष्य का सम्मान होना चाहिए। पेपर लीक और छात्रों के खिलाफ कार्रवाई के मुद्दे पर सरकार को जवाब देना चाहिए।

आप नेता ने कहा कि जौनपुर, वाराणसी और बलिया के विश्वविद्यालयों में दीक्षांत समारोहों का बहिष्कार केवल विरोध नहीं, बल्कि युवाओं के सम्मान और उनके अधिकारों की लड़ाई का संदेश होगा। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी छात्रों और युवाओं के मुद्दों पर उनके साथ मजबूती से खड़ी है और पेपर लीक, बेरोजगारी तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here