नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशनों को बंद किया गया हैं। प्रदर्शन के बीच अब इस मुद्दे को लेकर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सरकार पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन को दबाने के लिए कई तरह की पाबंदियां लगाने का आरोप लगाया है।
राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा, “मेट्रो बंद करो। रास्ते बंद करो। दुकानें बंद करो। इंटरनेट बंद करो। खाना बंद करो। अपना हक़ मांग रहे छात्रों के ख़िलाफ़ सरकार ने ये क्रूर कदम उठाए। बस एक चीज़ बंद नहीं कर पाए, मोदी जी – पेपर लीक।”
राहुल गांधी के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर युवाओं और छात्रों की आवाज को दबाने का आरोप लगाता रहा है। वहीं, सरकार की ओर से प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलग-अलग मौकों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की बात कही जाती रही है।
दरअसल, दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले कई दिनों से छात्र और प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनकी मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए और युवाओं से जुड़े मुद्दों का जल्द समाधान किया जाना चाहिए। प्रदर्शन के चलते दिल्ली के कई हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
इसी बीच दिल्ली मेट्रो के कुछ स्टेशनों को बंद किए जाने और कुछ इलाकों में आवाजाही प्रभावित होने को लेकर भी विपक्ष सरकार पर सवाल उठा रहा है। राहुल गांधी ने अपने पोस्ट के जरिए इसी मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश की है। उन्होंने अपने बयान में मेट्रो, सड़क, दुकानों, इंटरनेट और खाने जैसी सुविधाओं को बंद किए जाने का जिक्र करते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में सबसे बड़ा हमला पेपर लीक के मुद्दे को लेकर किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कई तरह के कदम उठाए, लेकिन पेपर लीक को रोकने में सरकार नाकाम रही। राहुल गांधी का यह बयान सीधे तौर पर देश में प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मुद्दे से जुड़ा है।
