Home Uttar Pradesh सीएम योगी का सपा पर तीखा प्रहार, बोले”अब यूपी में उपद्रव नहीं,...

सीएम योगी का सपा पर तीखा प्रहार, बोले”अब यूपी में उपद्रव नहीं, उत्सव होता है”

26
0

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजीपुर दौरे के दौरान ₹692 करोड़ की लागत वाली 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कानून-व्यवस्था, माफिया, विकास और राष्ट्रवाद के मुद्दों पर विपक्ष को घेरा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में कानून का राज है और रामलीला जैसे धार्मिक आयोजनों में असलहा लहराकर दंगा करने की हिम्मत कोई नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि जो लोग प्रदेश का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। योगी ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों में माफिया को संरक्षण मिलता था, जबकि उनकी सरकार ने “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाकर माफिया के नेटवर्क को समाप्त किया है।

सीएम योगी ने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दल विदेशी आक्रांताओं का महिमामंडन करते रहे, जबकि उनकी सरकार राष्ट्रनायकों को सम्मान देने का काम कर रही है। उन्होंने महाराजा सुहेलदेव, वीर अब्दुल हमीद और पूर्व विधायक कृष्णानंद राय का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की नई पहचान विकास, सुरक्षा और राष्ट्रभक्ति है।

उन्होंने गाजीपुर की जनता से ऐसे जनप्रतिनिधियों को चुनने की अपील की जो जनता की समस्याओं की पैरवी करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता को ऐसे प्रतिनिधियों की जरूरत है जो विकास के लिए काम करें, न कि अवैध गतिविधियों में लिप्त रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजीपुर में सड़क, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने घोषणा की कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को चंदौली, वाराणसी होते हुए शक्तिनगर तक विस्तारित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज, फोरलेन सड़कें और बेहतर परिवहन व्यवस्था पूर्वांचल के विकास को नई गति दे रही हैं।

योगी आदित्यनाथ ने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार, किसानों को सम्मान निधि, महिलाओं को सुरक्षा और उद्यमियों को नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में नौ लाख से अधिक युवाओं को बिना सिफारिश और बिना रिश्वत के सरकारी नौकरी मिली है।

मुख्यमंत्री ने जनता से विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि जनता विकास के लिए 10 कदम आगे बढ़ेगी तो डबल इंजन सरकार 100 कदम साथ चलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पहचान अब दंगों से नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और निवेश से बन रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here