उन्नाव। उन्नाव के पीडी नगर में देर रात एक सेवानिवृत्त दरोगा ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर के रीजेंसी अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, कानपुर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान पीडी नगर निवासी रामजीत पुत्र शिवदयाल के रूप में हुई है। वह करीब पांच वर्ष पहले पुलिस विभाग से उपनिरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। घटना की सूचना रविवार रात करीब 11 बजे कोतवाली सदर पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस के मुताबिक, रामजीत ने घर के भीतर अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारी। गोली चलने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक को कब्जे में लेकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही, परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मृतक के बेटे अभिषेक से भी फोन पर बातचीत की। परिजनों के अनुसार, रामजीत घर में अपने बेटे, बहू और दो पोते-पोतियों के साथ रहते थे। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।






