Home Uttar Pradesh सदन की कार्यवाही बाधित कर 25 करोड़ जनता के हितों से खिलवाड़...

सदन की कार्यवाही बाधित कर 25 करोड़ जनता के हितों से खिलवाड़ कर रहा विपक्ष-सीएम योगी

11
0

उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। सदन में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि विपक्ष विधानसभा की कार्यवाही बाधित कर प्रदेश की 25 करोड़ जनता के हितों के साथ खिलवाड़ कर रहा है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष के व्यवहार को असंवैधानिक, अभद्र और शर्मनाक बताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून सत्र जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने का महत्वपूर्ण अवसर था। सभी जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं और विकास से जुड़े विषयों पर गंभीरता से चर्चा करनी चाहिए थी, लेकिन जिन लोगों का लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास नहीं है, वे संसदीय लोकतंत्र को मजबूत करने वाली संस्थाओं का ही अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष का यह रवैया लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है।

सीएम योगी ने बताया कि सत्र शुरू होने से पहले बिजनेस एडवाइजरी कमेटी और दलीय नेताओं की बैठक में सदन का एजेंडा तय किया गया था। इसके बावजूद विपक्ष ने विधायी कार्यों और अनुपूरक बजट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा में कोई रुचि नहीं दिखाई। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जानबूझकर गैर-जरूरी मुद्दे उठाकर सदन का बहुमूल्य समय बर्बाद करना चाहता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता पक्ष की ओर से पहले ही स्पष्ट कर दिया गया था कि नियमों के तहत सदन में आने वाले हर विषय पर सरकार चर्चा के लिए तैयार है और उसका जवाब भी देगी। इसके बावजूद विपक्ष ने सदन की कार्यवाही को प्रभावित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष का न तो संवैधानिक मूल्यों में विश्वास है और न ही सदन की गरिमा बनाए रखने में।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार जनहित के हर मुद्दे पर सार्थक चर्चा के लिए प्रतिबद्ध है। पीठ द्वारा जिन विषयों को चर्चा के लिए अनुमति दी जाएगी, उन सभी पर सरकार विस्तृत जवाब देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लगातार सदन का माहौल खराब कर लोकतंत्र का मजाक उड़ा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 25 करोड़ जनता विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी के इस अलोकतांत्रिक आचरण को देख रही है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here