उत्तर प्रदेश स्वच्छ ऊर्जा और हरित विकास के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 अगस्त को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो 2026 का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश के ऊर्जा एवं वैकल्पिक ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा भी मौजूद रहेंगे। 11 से 13 अगस्त तक आयोजित होने वाला यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी उत्तर प्रदेश सरकार, उत्तर प्रदेश न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (UPNEDA), इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी (IFGE) और एमएम एक्टिव साइ-टेक कम्युनिकेशंस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश को बायोएनर्जी, स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकी और हरित उद्योगों के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
“कम-कार्बन विश्व के लिए उन्नत बायोएनर्जी समाधान” थीम पर आधारित इस आयोजन को भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, विद्युत मंत्रालय तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग का सहयोग प्राप्त है। सम्मेलन में देश-विदेश के नीति-निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, वैज्ञानिक, शोधकर्ता, तकनीकी विशेषज्ञ और निवेशक एक मंच पर जुटेंगे। आईबीईटी एक्सपो 2026 को उत्तर प्रदेश में बायोएनर्जी निवेश, तकनीकी नवाचार और नीतिगत संवाद के सबसे बड़े मंच के रूप में देखा जा रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य इस आयोजन के माध्यम से बायोएनर्जी क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देना, अत्याधुनिक तकनीकों को प्रोत्साहित करना और भारत के नेट-जीरो एवं ऊर्जा सुरक्षा लक्ष्यों में उत्तर प्रदेश की भूमिका को और मजबूत करना है।
आईएफजीई के महानिदेशक संजय गजू ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सहभागिता प्रदेश की हरित ऊर्जा विकास के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह एक्सपो नीति-निर्माताओं, उद्योग, निवेशकों और नवाचारकर्ताओं के बीच नई साझेदारियों को बढ़ावा देगा तथा भारत के बायोएनर्जी क्षेत्र को नई दिशा प्रदान करेगा। तीन दिवसीय आयोजन में कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG), एथेनॉल, बायोडीज़ल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF), वेस्ट-टू-एनर्जी, बायो-मोबिलिटी, ग्रीन हाइड्रोजन, मरीन फ्यूल्स, बायोमास पेलेट एवं ब्रिकेट्स, कार्बन मार्केट और अन्य अत्याधुनिक बायोएनर्जी तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा।
सम्मेलन में 25 से अधिक तकनीकी सत्र आयोजित होंगे, जिनमें 120 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय वक्ता अपने विचार साझा करेंगे। आयोजन में 150 से अधिक प्रदर्शकों, 1,000 से अधिक प्रतिनिधियों और लगभग 15,000 व्यावसायिक आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है, जिससे यह भारत के बायोएनर्जी क्षेत्र का सबसे बड़ा और प्रभावशाली उद्योग सम्मेलन बनने जा रहा है। इस आयोजन को प्राज इंडस्ट्रीज़, रिलायंस बायोएनर्जी, अशोक लेलैंड, इंडियनऑयल, हीरो मोटोकॉर्प, टीवीएस, एएम ग्रीन, अडानी वेंचर्स और गेल सहित कई प्रमुख कंपनियों का समर्थन प्राप्त है। वहीं जीआईज़ेड, ईवाई, टेरी और चीनीमंडी जैसे प्रतिष्ठित नॉलेज पार्टनर भी इससे जुड़े हैं।
आईबीईटी एक्सपो 2026 सरकार, उद्योग, निवेशकों और प्रौद्योगिकी प्रदाताओं को एक साझा मंच पर लाकर नई साझेदारियों, निवेश और अत्याधुनिक बायोएनर्जी तकनीकों के व्यावसायिक उपयोग को गति देगा। साथ ही यह भारत को कम-कार्बन, ऊर्जा सुरक्षित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
