मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने ऊर्जा क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की है। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ती बिजली मांग के बीच प्रदेश ने न केवल निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की, बल्कि पूरे देश में सबसे अधिक बिजली आपूर्ति करने वाला राज्य बनकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी स्थापित किया। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 1 मई से 29 जुलाई 2026 के बीच प्रदेश ने 90 दिनों में 49 बार देश में सर्वाधिक बिजली आपूर्ति की। वहीं 32 दिनों तक उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर रहा। यह प्रदर्शन देश के किसी भी राज्य की तुलना में सबसे बेहतर माना गया है।
प्रदेश ने 24 जून 2026 को 32,673 मेगावाट की रिकॉर्ड पीक डिमांड को सफलतापूर्वक पूरा कर नया राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किया। यह अब तक किसी भी राज्य द्वारा की गई सर्वाधिक बिजली आपूर्ति है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश की अधिकतम बिजली मांग 31,486 मेगावाट रही थी, जिसे इस वर्ष प्रदेश ने नए रिकॉर्ड के साथ पीछे छोड़ दिया। इतना ही नहीं, उत्तर प्रदेश ने पांच अलग-अलग दिनों में महाराष्ट्र की अब तक की सर्वाधिक पीक डिमांड 32,317 मेगावाट से भी अधिक बिजली की सफल आपूर्ति कर अपनी मजबूत विद्युत अवसंरचना और बेहतर प्रबंधन क्षमता का परिचय दिया।
रिकॉर्ड स्तर की बिजली आपूर्ति का सीधा लाभ प्रदेश के उद्योगों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, किसानों और करोड़ों घरेलू उपभोक्ताओं को मिला। निर्बाध बिजली उपलब्ध होने से आर्थिक गतिविधियों को गति मिली और भीषण गर्मी के दौरान आम जनता को भी बड़ी राहत मिली। यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार ने कहा कि प्रदेश की विद्युत व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के बावजूद उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना सरकार और निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता रही, जिसके सकारात्मक परिणाम आज पूरे देश के सामने हैं।






