Home Uttar Pradesh घुमंतू समाज को सम्मान और विकास की नई राह, योगी सरकार ने...

घुमंतू समाज को सम्मान और विकास की नई राह, योगी सरकार ने बनाया घुमंतू विकास बोर्ड

35
0

उत्तर प्रदेश सरकार ने विमुक्त एवं घुमंतू समाज के उत्थान की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए घुमंतू विकास बोर्ड के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस निर्णय पर आयोजित आभार एवं अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब घुमंतू समाज को दर-दर की ठोकरें नहीं खानी पड़ेंगी, बल्कि उन्हें सम्मान के साथ विकास के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि यह बोर्ड वर्षों से उपेक्षित समाज को न्याय, पहचान और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंग्रेजों ने 1871 के क्रिमिनल ट्राइब एक्ट के तहत जिन समुदायों को अपराधी घोषित किया था, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने उस कलंक को समाप्त कर उन्हें सम्मान दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार इन समुदायों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आयोग बना और अब उत्तर प्रदेश में घुमंतू विकास बोर्ड का गठन किया जा रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बोर्ड में विभिन्न विमुक्त एवं घुमंतू जातियों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि उनकी समस्याएं सीधे सरकार तक पहुंच सकें। उन्होंने बताया कि सरकार वनटांगिया, मुसहर, थारू, गौड़, चेरो, बुक्सा, कोल, सहरिया समेत सभी वंचित वर्गों को राशन, आवास, आयुष्मान कार्ड, बिजली, गैस कनेक्शन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ रही है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि “जिन्हें कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने कभी नहीं पूछा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें सम्मान दिया और मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया।”

उन्होंने कहा कि सरकार के लिए जनता वोट बैंक नहीं, बल्कि जनार्दन है।

कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि घुमंतू विकास बोर्ड समाज के लिए ऐतिहासिक फैसला है। उन्होंने कहा कि अब यह समाज “घुमंतू नहीं, टिकंतू” बन रहा है। लोगों को आवास, बिजली, आजीविका और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि बोर्ड के गठन के बाद एक विशेष कार्यदल बनाया जाएगा, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करेगा।

इस अवसर पर सपेरा समाज ने पारंपरिक बीन वादन से मुख्यमंत्री का स्वागत किया और घुमंतू विकास बोर्ड के गठन के लिए आभार जताया। समाज के विभिन्न प्रतिनिधियों ने इसे वर्षों पुरानी मांग पूरी होने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सरकार का धन्यवाद किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here