लखनऊ। बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक उमाशंकर सिंह के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बसपा सुप्रीमो मायावती ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उमाशंकर सिंह के निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया के माध्यम से विधायक उमाशंकर सिंह के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि “जनपद बलिया के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से माननीय विधायक श्री उमाशंकर सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि।” सीएम योगी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति दें।
वहीं, बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी उमाशंकर सिंह के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने उन्हें पार्टी का कर्मठ, ईमानदार और पूरी तरह वफादार कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि बलिया की रसड़ा सीट से लोकप्रिय विधायक के निधन की खबर बेहद दुखद है।
मायावती ने कहा कि उमाशंकर सिंह की पार्टी के प्रति निष्ठा की जितनी तारीफ की जाए, वह कम है। उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह का पूरा परिवार बसपा परिवार की तरह है और उनके परिवार के सभी लोग उन्हें बड़ी बहन की तरह सम्मान देते हैं। बसपा सुप्रीमो ने बताया कि उमाशंकर सिंह के पुत्र से उनका लगातार संपर्क बना हुआ था और उनके निधन की सूचना भी उन्हें उनके पुत्र से ही मिली। मायावती ने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह और पूरी बसपा उनके परिवार के साथ खड़ी है।
उन्होंने परिवार से हिम्मत बनाए रखने और इस कठिन परिस्थिति का सामना करते हुए आगे बढ़ने की अपील की। साथ ही कुदरत से शोकाकुल परिवार और उनके चाहने वालों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
