जनेश्वर मिश्र की जयंती पर आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के कृष्ण-सुदामा और ‘P से पंडित’ वाले बयान पर पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने तीखा पलटवार किया है। कन्नौज से अखिलेश यादव के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ चुके भाजपा के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने कहा कि अगर अखिलेश यादव खुद को भगवान कृष्ण का वंशज मानते हैं, तो उन्हें कृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा उठाना चाहिए।
सुब्रत पाठक ने कहा, “अखिलेश यादव कृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा उठाएं, हम सब उनके साथ हैं।” उन्होंने कहा कि ब्राह्मण केवल सुदामा नहीं, बल्कि चाणक्य, चंद्रशेखर और वजीराव भी है।
अखिलेश यादव के पीडीए में ‘P से पंडित’ के जिक्र पर सुब्रत पाठक ने कहा कि कृष्ण और सुदामा का रिश्ता पुराना है, लेकिन यदि अखिलेश यादव खुद को कृष्ण का वंशज मानते हैं तो उन्हें मथुरा से शुरुआत करनी चाहिए और भगवान कृष्ण की भूमि को कथित कलंक से मुक्ति दिलाने की पहल करनी चाहिए।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “हिम्मत नहीं है तो P से पंडित बताओ या P से पिछड़ा, लेकिन P से केवल आपके लिए परिवार है। उसमें चाचा शिवपाल का नंबर नहीं, अर्जुन का ही नंबर आना है।”
