Home Uttar Pradesh राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर बुनकरों को बड़ी सौगात देंगे सीएम योगी

राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर बुनकरों को बड़ी सौगात देंगे सीएम योगी

2
0

राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आज लोकभवन सभागार में आयोजित वित्तीय वर्ष 2026-27 के संत कबीर राज्यस्तरीय हथकरघा पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बुनकरों को सम्मानित करने के साथ ही हैंडलूम एवं पावरलूम क्षेत्र से जुड़े लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान करेंगे।

समारोह में मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री हैंडलूम एवं पावरलूम उद्योग विकास योजना तथा झलकारी बाई कोरी हथकरघा एवं पावरलूम विकास योजना के लाभार्थियों को चेक वितरित करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के बुनकरों और कारीगरों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित भी किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान हथकरघा उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी, आधुनिक तकनीक और नवाचार का प्रदर्शन, संत कबीर टेक्सटाइल पार्क की स्थापना से संबंधित घोषणा तथा हथकरघा उत्पादों के प्रमुख खरीदारों के साथ समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान भी किया जाएगा। इन पहलों का उद्देश्य प्रदेश के हथकरघा उद्योग को नई गति देना और बुनकरों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है।

समारोह में खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हस्तकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान, लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में बुनकरों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here